ज़ीरकपुर, ज़ीरकपुर के नगला इलाके में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब गो रक्षा दल की टीम ने एक ट्रक को रोककर उसमें गोमांस होने का दावा किया। इसके बाद गो रक्षा दल के सदस्यों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और ट्रक सहित चालक को ज़ीरकपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
गो रक्षा दल के नेताओं के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि एक ट्रक में संदिग्ध मांस ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने नगला इलाके में नाकाबंदी कर ट्रक को रोका। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में मांस मिलने का दावा किया गया, जिसे गोमांस बताया जा रहा है। इसके बाद मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। संगठनों का कहना है कि यदि जांच में गोमांस होने की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
जानकारी के मुताबिक पकड़ा गया ट्रक जालंधर से ज़ीरकपुर आया था। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मांस के नमूने जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक और पशु चिकित्सा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस जानवर का है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ट्रक के रूट, मालिक तथा मांस की सप्लाई से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं गो रक्षा दल और हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
फिलहाल गोमांस होने का दावा गो रक्षा दल द्वारा किया गया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी